पटियाला , मई 20 -- पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ बलबीर सिंह ने बुधवार को केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू पर तीखा हमला बोलते हुए उनसे माफी मांगने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि बिट्टू ने माफी नहीं मांगी तो पंजाब के लोग भाजपा को सबक सिखाएंगे।

पटियाला में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान डॉ. बलबीर सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता ने धूरी सब-डिवीजन अस्पताल का दौरा करते समय एक तरफ वहां की स्वास्थ्य सेवाओं की सराहना की, जबकि दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर अस्पताल परिसर में कुत्तों की तस्वीरें साझा कर नकारात्मक माहौल बनाने की कोशिश की। उन्होंने इसे भाजपा की "दोहरी राजनीति" करार दिया।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि धूरी अस्पताल में एनजीओ के सहयोग से मरीजों के लिए लंगर सेवा चलाई जा रही है और वहां रोजाना लगभग 600 मरीज ओपीडी में पहुंचते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता पहले अस्पताल की व्यवस्थाओं की तारीफ करते हैं और फिर सोशल मीडिया पर भ्रामक तस्वीरें डालकर लोगों को गुमराह करने का प्रयास करते हैं।

डॉ. सिंह ने दावा किया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने धूरी सब-डिवीजन अस्पताल को बेहतर सुविधाओं वाला अस्पताल बनाया है, जहां आम लोगों के साथ भाजपा नेता भी इलाज करवाने पहुंच रहे हैं। उन्होंने भाजपा को चुनौती देते हुए कहा कि गुजरात और राजस्थान जैसे भाजपा शासित राज्यों में पंजाब जैसे 10 अस्पताल दिखाकर बताएं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार और केंद्रीय एजेंसियां पंजाब में अस्थिरता का माहौल बनाने की कोशिश कर रही हैं।

डॉ. सिंह ने कहा कि पंजाब की सीमाओं पर नशा और हथियारों की तस्करी रोकने में केंद्र सरकार विफल रही है, जबकि राज्य में ईडी, सीबीआई और अन्य एजेंसियों के जरिए राजनीतिक दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि 'डीप स्टेट' पंजाब का माहौल खराब करने में सक्रिय है, लेकिन पंजाब के लोग भाजपा की नीतियों का डटकर मुकाबला करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित