रायपुर , मार्च 27 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के चिकित्सा प्रकोष्ठ ने राज्य सरकार के स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी संलग्नीकरण एवं प्रतिनियुक्ति संबंधी आदेश को निरस्त करने की मांग को लेकर स्वास्थ्य सचिव से तत्काल हस्तक्षेप की अपील की है।

चिकित्सा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डॉ. राकेश गुप्ता ने स्वास्थ्य सचिव को सौंपे ज्ञापन में कहा कि हाल ही में स्वास्थ्य विभाग की ओर से विभिन्न पदों पर संलग्नीकरण के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस आदेश से प्रशासनिक अनुशासन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने के साथ-साथ भाई-भतीजावाद और वित्तीय अनियमितताओं को बढ़ावा मिलने की आशंका है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रकार की प्रक्रिया से दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों में कार्यरत कर्मचारियों का बड़े पैमाने पर स्थानांतरण राजधानी और प्रमुख कार्यालयों की ओर हो सकता है, जिससे ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होंगी।

डॉ. गुप्ता ने यह भी उल्लेख किया कि पहले से ही जिला और संभागीय स्तर पर अस्थायी संलग्नीकरण और प्रतिनियुक्ति के कारण कई पदों पर गैर-तार्किक और अयोग्य नियुक्तियां हो चुकी हैं, जिससे विभागीय कार्यप्रणाली पर असर पड़ा है। ऐसे में नए आदेश से स्थिति और गंभीर हो सकती है।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग में पदोन्नति की प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध बनाए जाने की मांग की , ताकि पात्र कर्मचारियों, अधिकारियों और चिकित्सकों को उचित अवसर मिल सके। इसके साथ ही जिला एवं संभागीय स्तर पर रिक्त स्वीकृत पदों पर अभियान चलाकर नियमित भर्ती किए जाने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित