बैतूल , जुलाई 28 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के स्वास्थ्य विभाग में किराए के वाहनों के संचालन को लेकर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। आरोप है कि सीएमएचओ कार्यालय में पदस्थ लेखा अधिकारी ने अपने रिश्तेदार को लाभ पहुंचाते हुए टेंडर शर्तों का उल्लंघन किया। वर्तमान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) ने मामले की जांच कराए जाने की बात कही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य विभाग में किराए के वाहन उपलब्ध कराने का ठेका भोपाल की एक निजी फर्म को 16 सितंबर 2024 से 15 सितंबर 2025 तक की अवधि के लिए दिया गया था। आरोप है कि टेंडर अवधि समाप्त होने के करीब 10 माह बाद भी उसी व्यवस्था के तहत वाहन संचालित किए जा रहे हैं। यह भी आरोप है कि लेखा अधिकारी ने अपने प्रभाव का उपयोग करते हुए अपने रिश्तेदार के नाम पंजीकृत आयुशी टूर एण्ड ट्रेवल्स से दो बोलेरो वाहन विभाग में लगवाए, जिनमें एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेहरा तथा दूसरा सीएमएचओ कार्यालय बैतूल में संचालित किया जा रहा है।

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि टेंडर की शर्तों के अनुसार प्रत्येक वाहन के साथ संबंधित फर्म का चालक उपलब्ध कराना तथा वाहन में जीपीएस प्रणाली लगाना अनिवार्य था। इसके बावजूद सेहरा स्थित आरबीएसके इकाई में संचालित वाहन कथित रूप से बिना नियमित चालक के चल रहा है। साथ ही वाहन में जीपीएस प्रणाली नहीं होने का भी आरोप लगाया गया है।

टेंडर दस्तावेजों के अनुसार फर्म को प्रति वाहन एक हजार किलोमीटर तक संचालन के लिए 27,681 रुपये प्रतिमाह का भुगतान तथा अतिरिक्त दूरी पर 12 रुपये प्रति किलोमीटर की दर निर्धारित की गई थी। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि जीपीएस प्रणाली नहीं होने से वाहनों की वास्तविक आवाजाही और उपयोग का सत्यापन संभव नहीं हो पा रहा है। उनका कहना है कि लॉगबुक और भुगतान संबंधी अभिलेखों की निष्पक्ष जांच से पूरे मामले की वास्तविक स्थिति सामने आ सकती है।

उल्लेखनीय है कि स्वास्थ्य विभाग में इससे पहले भी आउटसोर्स कर्मचारियों की भर्ती और भुगतान को लेकर सवाल उठ चुके हैं। अब वाहन संचालन से जुड़े आरोपों के बाद विभाग की कार्यप्रणाली पर भी प्रश्नचिह्न लगाए जा रहे हैं।

वर्तमान सीएमएचओ डॉ. मनोज कुमार हुरमाड़े ने कहा कि यह मामला उनके बैतूल में पदस्थ होने से पहले का है। उन्होंने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित