रायपुर , सितंबर 23 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष किरण देव बुधवार रात दिल्ली में उपचार के बाद रायपुर लौटे। करीब दो महीने बाद प्रदेश लौटने पर रायपुर विमानतल पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी उनके स्वास्थ्य लाभ के बाद लौटने पर प्रसन्नता जताते हुए शुभकामनाएं दीं।
विमानतल पर भाजपा के विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। इस दौरान देव ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं से मिला प्रेम, स्नेह और विश्वास उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के साथ ही प्रदेश के लोगों और अन्य राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों ने भी उनके स्वास्थ्य लाभ के लिए शुभकामनाएं दीं, जिसके लिए वह सभी के आभारी हैं।
श्री देव ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि अगले 10 दिनों तक वह रायपुर में रहकर फिजियोथेरेपी का कोर्स पूरा करेंगे। इसके बाद दंतेवाड़ा जाकर मां दंतेश्वरी के दर्शन करेंगे और फिर जगदलपुर जाएंगे। इसके पश्चात वह प्रदेशव्यापी प्रवास शुरू करेंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ भाजपा का प्रदेश प्रभारी और श्री सिद्धार्थ शम्भू को सह-प्रभारी बनाए जाने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और संगठन में ईरानी के अनुभव का लाभ प्रदेश संगठन को मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि सह-प्रभारी शम्भू के मार्गदर्शन से भी संगठनात्मक कार्यों को मजबूती मिलेगी।
श्री साय ने सोशल मीडिया पर देव की वापसी का स्वागत करते हुए कहा कि यह भाजपा परिवार के लिए प्रसन्नता का क्षण है और उनकी सकुशल वापसी से कार्यकर्ताओं में उत्साह है। उन्होंने देव के पूर्ण स्वस्थ होकर नई ऊर्जा के साथ जनसेवा में सक्रिय होने की कामना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित