पटना , अगस्त 27 -- ेपाल में गंडक नदी के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र में फ्लैश फ्लड की स्थिति उत्पन्न होने तथा गंडक नदी में अचानक जलप्रवाह बढ़ने की संभावना के मद्देनजर राज्य में संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा बाढ़ पूर्व तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। स्वास्थ्य विभाग के सभागार में आयोजित इस उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने की।
बैठक में स्वास्थ्य मंत्री को राज्य के बाढ़ संभावित जिलों में आमजन की सुरक्षा, आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था तथा संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए तैयार किए गए माइक्रो प्लान की विस्तृत जानकारी दी गई।
समीक्षा के दौरान बाढ़ प्रभावित होने की संभावना वाले प्रमुख छह जिलों पश्चिमी चंपारण (बेतिया), पूर्वी चंपारण (मोतिहारी), गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर एवं वैशाली में विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया गया। इसके अतिरिक्त सीतामढ़ी, शिवहर एवं अन्य संवेदनशील जिलों की स्थिति पर भी निरंतर नजर रखने का निर्देश दिया गया।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि, राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक अमित कुमार पांडेय, विशेष सचिव अरविंद कुमार वर्मा, बीएमएसआईसीएल के प्रबंध निदेशक सुब्रत कुमार सेन, मंत्री के आप्त सचिव कौशलेंद्र कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग, राज्य स्वास्थ्य समिति एवं बीएमएसआईसीएल के कई वरिष्ठ अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित