अगरतला , अक्टूबर 02 -- केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने त्रिपुरा में नए मेडिकल कॉलेज खोले जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

प्रदेश के स्वास्थ्य सचिव किरण गिट्टे ने बताया कि केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने एक अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) जारी किया है, जिससे त्रिपुरा सरकार को प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम (पीएमजेवीके) के तहत एक शुरुआती योजना प्रस्ताव जमा करने की इजाज़त मिल गई है।

उन्होंने बताया कि कॉलेज की योजना शांतिरबाजार के जिला अस्पताल के लिए बनाई गई है, जिसमें 100 एमबीबीएस सीटें होंगी। त्रिपुरा इस योजना को पीएमजेवीके के ज़रिए आगे बढ़ा रहा है, जो अल्पसंख्यक मामले मंत्रालय की एक योजना है ताकि चुने हुए इलाकों में बुनियादी ढांचे और सुविधाओं को बेहतर बनाया जा सके।

स्वास्थ्य मंत्रालय का पत्र त्रिपुरा के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव को भेजा गया था। इसमें राज्य द्वारा गत तीन सितंबर को भेजी गये आग्रह का ज़िक्र है, जिसमें शुरुआती प्रस्ताव दाखिल करने की मंज़ूरी मांगी गई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित