देवरिया, फरवरी 25 -- स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ दर्ज मुकदमें के विरोध में उत्तर प्रदेश के देवरिया में बुधवार को कांग्रेस ने सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।

पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी संजीव कुमार मिश्र ने यहां बताया कि जिला कांग्रेस कमेटी ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के खिलाफ दर्ज मुकदमें को लेकर जिले के कांग्रेस नेताओं ने जिलाध्यक्ष विजय शेखर मल्ल 'रोशन' के नेतृत्व में शहर में सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।

ज्ञापन में कहा गया है कि वर्तमान प्रदेश भाजपा सरकार सही बात सुनना नहीं चाहती है। जो उन्हें सही सुझाव देता है, उसकी बात को दबाती है। सरकार द्वारा इसी हठधर्मिता के चलते उसके विरुद्ध मुखर होकर अपनी बात रखने वाले ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती एवं उनके शिष्यों को अनावश्यक परेशान एवं प्रताड़ित करने का प्रयास किया जा रहा है। जहां एक ओर कुंभ के दौरान मौनी अमावस्या के पुण्य अवसर पर पुलिस द्वारा उन्हें व उनके शिष्यों को स्नान करने से रोका गया, उनके साथ आयें बटुकों की चोटी खिंच कर उन्हें अपमानित करते हुए थाने में लेजाकर प्रताड़ित करने का कार्य सरकार की सह पर किया गया।

ज्ञापन में कहा गया है कि अब शंकराचार्य उनके शिष्य स्वामी मुकुदानन्द ब्रह्मचारी सहित कई अज्ञात लोगों के खिलाफ यौन शोषण के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मामले में मुकदमा दर्ज कराने वाले व्यक्तियों की पृष्ठभूमि, उनकी परिस्थितियां तथा सम्भावित प्रेरक तत्वों का निष्पक्ष परिक्षण एवं पारदर्शी जांच की मांग किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित