भिण्ड , अक्टूबर 19 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के लहार अनुभाग में स्वामित्व योजना के तहत रजिस्ट्री कार्य में लापरवाही बरतने पर दो पटवारियों को निलंबित कर दिया गया है, जबकि आठ अन्य को सेवा समाप्ति के प्रस्ताव संबंधी नोटिस जारी किए गए हैं। नोटिस पाने वाले आठ पटवारी अभी परिवीक्षा अवधि भी पूरी नहीं कर सके हैं।

अनुविभागीय अधिकारी राजस्व प्रदीप मिश्रा ने बताया कि पटवारी संजीव पाठक और अरविंद श्रीवास्तव को निलंबित किया गया है। वहीं, रविंद्र कुशवाहा, योगेंद्र अनिल, अमित भदौरिया, विकास कुशवाहा, रामकरण तोमर, भानुप्रताप जादौन, विजय कौशल और प्रमोद नरवरिया को सेवा समाप्ति के प्रस्ताव संबंधी नोटिस जारी किए गए हैं।

एसडीएम ने पदभार संभालने के बाद क्षेत्र का भ्रमण कर ग्रामीणों और नगरवासियों से संवाद किया तथा राजस्व कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान मिली शिकायतों और स्वामित्व योजना के कार्यों में लापरवाही के आधार पर संबंधित पटवारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। मिश्रा ने कहा कि शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी और राजस्व कार्यों की निगरानी की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित