बैतूल , अक्टूबर 14 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना की धीमी प्रगति पर कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों की निशुल्क रजिस्ट्री जल्द सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में मुलताई, आठनेर और भैंसदेही तहसीलों में काम की धीमी गति सामने आई।

कलेक्टर ने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संतोषजनक प्रगति नहीं होने पर आठनेर और चिचोली के तहसीलदारों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी। निर्धारित लक्ष्य पूरे नहीं करने वाले अधिकारियों के वेतन आहरण पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए।

कलेक्टर ने सभी तहसीलदारों को दैनिक लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें समय पर पूरा करने और नियमित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। प्रशासन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के सभी पात्र स्वामित्व कार्डधारियों को बिना किसी बाधा के समय पर निशुल्क रजिस्ट्री की सुविधा उपलब्ध कराना है। बैठक में जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व और तहसीलदार उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित