भिण्ड , सितंबर 28 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड में स्वामित्व अधिकार अभिलेख के निष्पादन में पटवारियों की भूमिका को लेकर पटवारी संघ का विरोध जारी है। सोमवार को संघ के पदाधिकारी और पटवारी कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम अपर कलेक्टर लक्ष्मीकांत पांडे को ज्ञापन सौंपकर स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन-2026 में पटवारियों को निष्पादक के रूप में हटाने की मांग की।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि स्वामित्व योजना के तहत तैयार होने वाले अधिकार अभिलेख के निष्पादन में पटवारियों को जिम्मेदारी दी जा रही है। इसमें नाम, पहचान और अधिकार से जुड़े कई बिंदु शामिल हैं। संघ का कहना है कि भविष्य में विवाद की स्थिति में व्यक्तिगत स्तर पर पटवारियों की जवाबदेही तय होने की आशंका है। इसी वजह से प्रक्रिया में बदलाव की मांग की जा रही है।
पटवारी संघ ने मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) में हितग्राही की पहचान के सत्यापन की जिम्मेदारी पटवारियों को दिए जाने पर भी आपत्ति जताई। संघ का कहना है कि ग्राम आबादी में रहने वाले सभी लोगों की व्यक्तिगत पहचान से पटवारियों का सीधा संपर्क नहीं होता। इसलिए पहचान का सत्यापन ग्राम पंचायत स्तर पर कराने की मांग की गई है। संघ ने इसके लिए सरपंच और सचिव को जिम्मेदारी देने का सुझाव दिया।
भिण्ड जिला पटवारी संघ अध्यक्ष विनायक तोमर ने कहा कि एसओपी के कुछ प्रावधानों में स्पष्टता जरूरी है। नाम और पहचान से जुड़े मामलों में विरोधाभासी स्थिति बनने पर निष्पादन करने वाले कर्मचारी के सामने व्यावहारिक और कानूनी परेशानी खड़ी हो सकती है। संघ ने निष्पादक की जिम्मेदारी से पटवारियों को अलग कर सक्षम अधिकारी या संबंधित विभाग को यह जिम्मेदारी देने की मांग की है। ज्ञापन के दौरान बड़ी संख्या में पटवारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित