पटना , जुलाई 09 -- ्रावणी मेला 2026 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग के सभागार में स्वास्थ्य मंत्री निशांत और स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि की उपस्थिति में श्रावणी मेला की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से श्रावणी मेला से जुड़े 14 जिलों के सिविल सर्जन ने मेले की तैयारियों के संबन्ध में विस्तरित जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मेला के दौरान प्रयाप्त स्वास्थ्य शिविरों की व्यवस्था की गई है, जिसमें चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के अलावा दवा और एंबुलेंस सहित एंटी रैबीज एवं स्नैक वेनम की समुचित व्यवस्था रहेगी।
बैठक में मेला के दौरान निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा की सुविधा के लिये टोल फ्री नं. 102 तथा स्वास्थ्य संबंधी सहायता एवं जानकारी के लिये टोल फ्री नं. 104 उपलब्ध कराया जाएगा। स्वास्थ्य संस्थानों में आपातकालीन चिकित्सा सहायता व्यवस्था को दुरूस्त रखने के निर्देश दिये गये, जिससे शिविर से रेफरल मरीजों को त्वरित उपचार सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही शिविर में स्थानीय स्तर पर सभी स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था करने पर बल दिया गया, जिससे श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो।
स्वास्थ्य मंत्री ने मेला के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना नहीं हो इसका खास ध्यान रखने का निर्देश दिया। वहीं, श्रद्धालुओं को मेले के दौरान गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभाग द्वारा सभी संबंधित जिलों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इसके तहत स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने, अस्थायी स्वास्थ्य शिविरों की स्थापना, चिकित्सकीय मानव संसाधन की उपलब्धता तथा आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया है।
स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने मेला के दौरान साफ-सफाई का ध्यान रखते हुए मेला में दुकान लगाने वाले वेंडरों को प्रशिक्षित करने तथा श्रद्धालुओं को शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित