नयी दिल्ली , अगस्त 27 -- कांग्रेस ने राजधानी में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामले पर चिंता व्यक्त करते हुए सरकार से संक्रमण को रोकने और मरीजों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने के लिए तत्काल कदम उठाने की अपील की है।

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता डॉ. नरेश कुमार ने इस मामले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश सरकार पर घोर लापरवाही और संवेदनहीनता का आरोप लगाते हुए जवाब मांगा है। उन्होंने कहा कि यहां स्वाइन फ्लू के 2600 से अधिक मरीज सामने आ चुके हैं और पिछले 24 घंटे में 170 से ज्यादा नए मामले सामने आये हैं, लेकिन इसके बावजूद भाजपा सरकार आंखें बंद करके बैठी है।

उन्होंने कहा कि संक्रमण लगातार बढ़ता रहा, लेकिन सरकार समय रहते जागी नहीं। उन्होंने कहा कि जब मामले तेजी से बढ़ रहे थे तो निगरानी, जांच, जागरूकता और उपचार की व्यवस्था मजबूत क्यों नहीं की गयी? उन्होंने कहा कि सरकार की देरी और लापरवाही का खामियाजा दिल्ली की जनता को भुगतना पड़ रहा है और अब सरकार को जवाब देना होगा कि उसने संक्रमण को रोकने के लिए समय रहते क्या कदम उठाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित