हैदराबाद , मई 23 -- तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने शनिवार को कहा कि एक स्वस्थ समाज ही एक मजबूत राष्ट्र की नींव होता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार पूरे देश में स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र को मजबूत करने को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।

श्री शुक्ल ने हैदराबाद में 'एक समाचार चैनल' द्वारा आयोजित 'हेल्थकेयर एक्सीलेंस अवार्ड्स' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बात कही।

श्री शुक्ल इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। इस अवसर पर, उन्होंने स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में विशिष्ट सेवा देने वाले डॉक्टरों को सम्मानित किया और उनके योगदान की सराहना करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किए। भारतीय संस्कृति के आदर्श वाक्य "वैद्यो नारायणो हरिः" का उल्लेख करते हुए, शिव प्रताप ने कहा कि डॉक्टर, नर्स और स्वास्थ्यकर्मी न केवल बीमारियों का इलाज करते हैं, बल्कि लोगों में आशा और आत्मविश्वास भी जगाते हैं। उन्होंने कहा कि भारत ने स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि तेलंगाना, विशेष रूप से हैदराबाद, विश्व स्तरीय अस्पतालों, उन्नत चिकित्सा तकनीकों और दवा उद्योगों के एक प्रमुख केंद्र के रूप में उभरा है।

श्री शुक्ल ने कहा कि 'आयुष्मान भारत', नये अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) और मेडिकल कॉलेजों की स्थापना, तथा 'डिजिटल हेल्थ मिशन' जैसी प्रमुख पहलें देश के स्वास्थ्य सेवा बुनियादी ढांचे को और अधिक मजबूत बना रही हैं। राज्यपाल ने नागरिकों से केंद्र सरकार के 'नशा मुक्त भारत' अभियान का समर्थन करने की भी अपील की। कोविड-19 महामारी के दौरान हैदराबाद की भूमिका को याद करते हुए, उन्होंने कहा कि 'कोवैक्सिन' का विकास भारत की वैज्ञानिक क्षमताओं और आत्मनिर्भरता के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

उन्होंने युवा डॉक्टरों से आग्रह किया कि वे अपने चिकित्सा करियर में पेशेवर उत्कृष्टता के साथ-साथ करुणा, नैतिकता और मानवता के मूल्यों को भी बनाए रखें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित