खरगोन , जून 24 -- मध्यप्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ जननेता स्वर्गीय सुभाष यादव की 13वीं पुण्यतिथि 26 जून को उनके गृहग्राम बोरावां में भक्ति दिवस के रूप में मनाई जाएगी। पूर्व केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री अरुण यादव और पूर्व कृषि मंत्री तथा कसरावद विधायक सचिन यादव ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी पुण्यतिथि पर विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि भक्ति दिवस के अवसर पर मारुति रामायण मंडल द्वारा भजन-कीर्तन और रामायण पाठ का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही निमाड़ क्षेत्र के लोक कलाकार स्वर्गीय सुभाष यादव के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर आधारित गीतों की प्रस्तुति देंगे।

कार्यक्रम में पितृ पूजन, श्रद्धांजलि सभा तथा पुष्पांजलि अर्पण का आयोजन भी किया जाएगा। स्वर्गीय यादव की स्मृति में क्षेत्र की विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं और आमजन के लिए महाप्रसादी का आयोजन किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित