मोहाली , सितंबर 02 -- महिंद्रा समूह की कंपनी स्वराज ट्रैक्टर्स और नवीकरणीय ऊर्जा कंपनी महिंद्रा सस्टेन ने पंजाब के बठिंडा जिले में 42 मेगावाट पीक की ग्रुप कैप्टिव सोलर परियोजना शुरू करने की घोषणा की है।

बुधवार को कंपनी के अनुसार, यह पंजाब की सबसे बड़ी ग्रुप कैप्टिव सोलर परियोजनाओं में से एक है और इससे स्वराज ट्रैक्टर्स की विनिर्माण इकाइयों की करीब 50 प्रतिशत बिजली जरूरत पूरी होने की उम्मीद है।

महिंद्रा सस्टेन द्वारा विकसित यह परियोजना तलवंडी साबो क्षेत्र के गांव तेओना पुजारियां में करीब 141 एकड़ में स्थापित की गई है। यहां एन-टाइप टॉपकॉन बाइफेशियल सोलर पैनल लगाए गए हैं। परियोजना से हर साल करीब 6.154 करोड़ यूनिट नवीकरणीय बिजली पैदा होने की उम्मीद है। इससे प्रतिवर्ष 42 हजार टन से अधिक कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन कम करने में मदद मिलेगी।

स्वराज मंडल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) गगनजोत सिंह ने कहा कि परियोजना ऊर्जा आत्मनिर्भरता को मजबूत करने और पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। वहीं, महिंद्रा सस्टेन के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ अविनाश राव ने इसे कंपनी के ग्रुप कैप्टिव मॉडल में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित