एमसीबी, मार्च 12 -- छत्तीसगढ़ में एमसीबी जिले के विकासखंड भरतपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत लरकोड़ा के ग्राम बड़काडोल की निवासी प्रेम लता टेकाम ने स्वयं सहायता समूह से जुड़कर आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश की है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने साहस और मेहनत के दम पर न सिर्फ अपनी आर्थिक स्थिति सुधारी, बल्कि क्षेत्र की अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा स्रोत बन गई हैं।
जिला पीआरओ से मिली जानकारी के अनुसार प्रेम लता टेकाम ने तारा महिला स्वयं सहायता समूह से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने का रास्ता चुना। समूह से मिले आत्मविश्वास और मार्गदर्शन ने उनके जीवन की दिशा ही बदल दी। समूह के सहयोग से उन्हें 1,50,000 रुपये का ऋण प्राप्त हुआ, जिसे उन्होंने स्ट्रींग प्लेट निर्माण का व्यवसाय शुरू करने में लगाया। यह निर्णय उनके जीवन का महत्वपूर्ण मोड़ साबित हुआ।
इस व्यवसाय को शुरू करने में शुरुआती दौर में कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन प्रेम लता टेकाम ने हार नहीं मानी। उन्होंने पूरी लगन और मेहनत से अपने काम को आगे बढ़ाया और धीरे-धीरे स्थानीय बाजार में अपनी पहचान बनाई। उनकी मेहनत रंग लाई और आज वे प्रतिवर्ष लगभग 79,740 रुपये की आय अर्जित कर रही हैं। इस आय से परिवार की आर्थिक स्थिति में जबरदस्त सुधार हुआ है और वे बेहतर भविष्य की योजनाएं बना पा रही हैं।
प्रेम लता टेकाम की सफलता की यह गाथा आसपास के क्षेत्रों में चर्चा का विषय बनी हुई है। गांव की अन्य महिलाएं भी अब स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर कुछ कर गुजरने के लिए प्रेरित हो रही हैं। वे खुद भी दूसरी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करती हैं। उनका मानना है कि यदि महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर सरकारी योजनाओं और ऋण सुविधाओं का सही उपयोग करें तो वे न केवल अपने परिवार को आर्थिक संबल दे सकती हैं, बल्कि समाज में सम्मानजनक स्थान भी हासिल कर सकती हैं।
प्रेम लता टेकाम की यह प्रेरक यात्रा इस बात का प्रतीक है कि यदि महिलाओं को सही अवसर और मार्गदर्शन मिले तो वे हर क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकती हैं। दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास के बल पर उन्होंने यह साबित कर दिखाया है कि परिस्थितियां चाहे कैसी भी हों, मेहनत करने वालों को कामयाबी जरूर मिलती है। उनकी सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित