नयी दिल्ली , अक्टूबर 24 -- भारतीय नौसेना का पांचवां नौसेना नवाचार एवं स्वदेशीकरण सेमिनार 'स्वावलंबन-2026' सोमवार और मंगलवार को मानेकशॉ सेंटर में होगा।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सोमवार को इसके मुख्य सत्र में शामिल होंगे। 'नवाचार और स्वदेशीकरण से शक्ति एवं सामर्थ्य' थीम पर होने वाले इस आयोजन में स्वदेशी रक्षा प्रौद्योगिकी और देश की रक्षा आत्मनिर्भरता को मजबूत करने पर जोर रहेगा।
सेमिनार में कृत्रिम बुद्धिमत्ता ( ए आई), क्वांटम प्रौद्योगिकी, स्वायत्त प्रणालियों और हाइपरसोनिक प्रौद्योगिकी के सैन्य उपयोग पर चर्चा होगी। प्रदर्शनी में समुद्री निगरानी, ड्रोन रोधी प्रणाली, परमाणु, जैविक, रासायनिक रक्षा और क्षति नियंत्रण एवं सुरक्षा और अन्य स्वदेशी तकनीकों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें सशस्त्र बलों, उद्योगों, स्टार्टअप, एम एस एम ई, शिक्षण संस्थानों और निवेशकों की भागीदारी होगी।
कार्यक्रम में रक्षा मंत्री उद्योग जगत के भागीदारों को रक्षा नवाचार में योगदान के लिए सम्मानित करेंगे। इस दौरान 'स्वावलंबन 5.0' दस्तावेज और 'टेक्नोलॉजी इम्परेटिव्स' संकलन भी जारी किये जायेंगे। भारतीय नौसेना इस आयोजन को रक्षा नवाचार संगठन और सोसाइटी ऑफ इंडियन डिफेंस मैन्युफैक्चरर्स के सहयोग से आयोजित कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित