जालौन , मार्च 7 -- उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने शनिवार को उरई में सिंचाई एवं जल संसाधन से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं का भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने बेतवा नहर प्रखण्ड प्रथम के अंतर्गत विभिन्न निर्माण कार्यों की शुरुआत करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। मंत्री ने बेतवा नहर प्रखण्ड प्रथम के तहत जिलेदारी कार्यालय (द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ) के नव निर्माण कार्य का शिलान्यास किया, जिसकी कुल लागत 349.19 लाख रुपये निर्धारित की गई है। इसके साथ ही उरई स्थित निरीक्षण भवन के नव निर्माण कार्य का भी भूमि पूजन किया गया, जिसकी परियोजना लागत 329.53 लाख रुपये है। दोनों परियोजनाओं की कुल लागत लगभग 678.72 लाख रुपये बताई गई है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सिंचाई व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने और विभागीय ढांचे को आधुनिक बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इन भवनों के निर्माण से विभागीय कार्यों के संचालन में सुविधा होगी और किसानों को बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता धर्म घोष, सहायक अभियंता वसीम राजा और अंकित कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित