बारां , अगस्त 20 -- राजस्थान में बारां के जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर बालमुकुंद असावा ने कहा है कि जिले के निकाय चुनाव आदर्श आचार संहिता का पालन करते हुए पूरी तरह स्वतंत्र एवं निष्पक्ष तरीके से संपादित किये जाएंगे।
श्री असावा ने गुरुवार को बताया कि 27 अगस्त से निर्वाचन की अधिसूचना जारी होने के साथ ही निकाय सदस्य के लिए नाम निर्देशन पत्र प्राप्त किये जाएंगे। मतदान दो चरणों में नौ एवं 11 सितम्बर को और मतगणना 14 सितम्बर को होगी। निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव के लिए व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि अवैध शराब, नकदी, उपहार सामग्री एवं अन्य प्रलोभनों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट एवं सोशल मीडिया पर भी लगातार निगरानी रखी जाएगी। पैड न्यूज एवं भ्रामक समाचारों के मामलों में कार्रवाई की जाएगी।
श्री असावा ने बताया कि अध्यक्ष पद पर निर्वाचन के लिए लोकसूचना 15 सितंबर को जारी की जाएगी। नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 16 सितंबर रहेगी जबकि नामांकन पत्रों की संवीक्षा 17 सितंबर को की जाएगी। अभ्यर्थिता 18 सितंबर को अपराह्न तीन बजे तक वापस ली जा सकेगी। इसके तुरंत पश्चात चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा। मतदान 21 सितंबर को पूर्वाह्न 10 से दोपहर दो बजे तक होगा। इसके तुरंत पश्चात मतगणना की जाएगी।
उन्होंने बताया कि उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचन के लिए 22 सितंबर को पूर्वाह्न 10 बजे बैठक आरंभ होगी और पूर्वाह्न 11 बजे तक नामांकन पत्रों का प्रस्तुतीकरण किया जा सकेगा, जिनकी 11.30 बजे से संवीक्षा की जाएगी और दोपहर दो बजे तक अभ्यर्थिता वापसी का समय रहेगा। मतदान आवश्यक हुआ तो दोपहर ढाई से सायं पांच बजे तक होगा। मतगणना मतदान समाप्ति के तुरंत पश्चात की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित