रायपुर , अगस्त 12 -- स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ा दी है। पुलिस से आज मिल जानकारी के अनुसार नॉर्थ जोन पुलिस ने 10 और 11 अगस्त को विशेष अभियान चलाकर करीब 300 निगरानी बदमाशों, असामाजिक तत्वों और संदिग्ध लोगों की जांच की। इस दौरान करीब 130 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वाले 100 लोगों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 36(च) के तहत प्रकरण दर्ज किए गए। वहीं खमतराई और पंडरी क्षेत्र में धारदार हथियार लेकर घूम रहे 3 लोगों को पकड़कर उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
विशेष अभियान में 8 गुंडा-निगरानी बदमाशों और संदिग्ध लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजा गया। इसके साथ ही लंबे समय से फरार 6 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 10 गिरफ्तारी वारंट और 3 जमानती वारंट भी तामील किए। इस तरह अभियान के दौरान कुल 19 वारंट पर कार्रवाई हुई।
गुढ़ियारी, खमतराई और खम्हारडीह थाना क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों की विशेष रूप से जांच की गई। इस कार्रवाई में 100 लोगों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 36(च) के तहत प्रकरण दर्ज किए गए।
इसी अभियान के दौरान उरला थाने में दर्ज चोरी के एक मामले में पुलिस ने एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा। पूछताछ में उसने चोरी करना स्वीकार किया और चोरी का सामान उरला के कबाड़ी को बेचने की जानकारी दी। इसके आधार पर पुलिस ने कबाड़ी मुकेश दास को भी पकड़ लिया। दोनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित