जालंधर , अगस्त 08 -- स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जालंधर ग्रामीण पुलिस ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह विर्क ने खुद विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों का दौरा कर सुरक्षा प्रबंधों, नाका चेकिंग और पुलिस तैनाती का जायजा लिया तथा अधिकारियों को सुरक्षा योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिये।
जिले के सभी सब-डिवीजनों में विशेष चेकिंग अभियान, रात्रि गश्त, नाका चेकिंग और व्यापक पुलिस पेट्रोलिंग तेज कर दी गयी है। पुलिस की ओर से निवारक कार्रवाई, क्षेत्र में वर्चस्व बनाए रखने, निगरानी तथा आम लोगों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
यह अभियान डीएसपी करतारपुर नरिंदर सिंह औजला, डीएसपी नकोदर ओंकार सिंह बराड़, डीएसपी फिल्लौर भारत मसीह लद्धड़, डीएसपी शाहकोट सरवन सिंह बल्ल और डीएसपी आदमपुर राजीव कुमार की निगरानी में चलाया जा रहा है।
मैदानी निरीक्षण के दौरान प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों, बस स्टैंडों, रेलवे स्टेशनों, धार्मिक स्थलों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गयी। जिले के प्रवेश और निकास मार्गों पर विशेष नाके लगाये गये हैं। पुलिस टीमें वाहनों की गहन जांच कर रही हैं और संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन किया जा रहा है। संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त भी बढ़ाई गई है। रात के समय पुलिस की मौजूदगी को मजबूत करने के लिए नाइट डोमिनेशन अभियान भी तेज किया गया है। इसके तहत असामाजिक और आपराधिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत जिले में इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल 24 घंटे तैनात हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में नागरिकों को तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध करायी जा सके। पुलिस ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने और जिले में कानून-व्यवस्था बनाये रखने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित