मोहाली , अगस्त 10 -- पंजाब के मोहाली में स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय समारोह को सुचारू और गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित करने के लिए उपायुक्त कोमल मित्तल ने सोमवार को शहीद मेजर हरमिंदर पाल सिंह सरकारी कॉलेज, फेज-6 में तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान समारोह का पूर्वाभ्यास भी शुरू किया गया, जिसमें 13 स्कूलों के विद्यार्थियों ने भाग लिया।

उपायुक्त ने विभिन्न विभागों को सौंपी गई जिम्मेदारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रमों, मार्च पास्ट और अन्य गतिविधियों का पूर्वाभ्यास भी देखा। नगर निगम अधिकारियों को समारोह स्थल की साफ-सफाई और ट्रैक के उचित रखरखाव के निर्देश दिए गए।

स्वतंत्रता दिवस में जिला स्तरीय समारोह में राज्य के लोक निर्माण विभाग मंत्री हरभजन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। समारोह में विकासात्मक झांकियों के माध्यम से पंजाब सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, फ्लैगशिप कार्यक्रमों और विकास कार्यों को प्रदर्शित किया जाएगा।

उपायुक्त ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में योगदान और बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों तथा वीर नारियों को सम्मानित किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग को पूर्वाभ्यास और मुख्य समारोह के दौरान मेडिकल टीम तैनात रखने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने बताया कि 13 अगस्त को फुल ड्रेस रिहर्सल होगी। सभी विभागों को इससे पहले अपनी जिम्मेदारियां पूरी करने और आपसी समन्वय से व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित