बेतिया , अगस्त 11 -- स्वतंत्रता दिवस को लेकर पश्चिम चंपारण जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गयी है। मुख्य समारोह सहित विभिन्न स्थानों पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर पुलिस को पूरी तरह अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है।
एसएसपी कुमार गौतम ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की चूक नहीं हो, इसके लिए सभी पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को आवश्यक निर्देश दिये गये हैं।
एसएसपी ने बताया कि मुख्य समारोह स्थल के साथ ही शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजार, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक पुलिस की सक्रियता बढ़ायी जायेगी। सार्वजनिक स्थानों पर आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने तथा संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना मिलने पर तत्काल सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जायेगा। समारोह स्थल के आसपास पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ आने-जाने वाले मार्गों पर भी निगरानी रखी जायेगी। यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक तैयारी करने को कहा गया है। एसएसपी ने सभी थाना क्षेत्रों में सूचना तंत्र को मजबूत रखने और पुलिस पदाधिकारियों को लगातार क्षेत्र भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने का निर्देश दिया है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल उसका सत्यापन कर कार्रवाई करने को कहा गया है। इंटरनेट समेत अन्य माध्यमों से मिलने वाली सूचनाओं को भी गंभीरता से लेने का निर्देश दिया गया है।
एसएसपी कुमार गौतम ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस को लेकर जिले में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सभी पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। पुलिस पूरी तरह तैयार है, जिससे स्वतंत्रता दिवस का आयोजन शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित