रायबरेली , अगस्त 15 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को मुंशीगंज स्थित शहीद स्मारक परिसर में आयोजित समारोह में प्रदेश के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय ने ध्वजारोहण किया और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

मंत्री ने शहीदों की प्रतिमाओं पर पुष्पचक्र अर्पित कर देश की स्वतंत्रता के लिए उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों और शहीदों का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा तथा देश उनके त्याग और बलिदान का ऋणी है।

उन्होंने कहा कि मुंशीगंज का शहीद स्मारक स्वतंत्रता आंदोलन की गौरवशाली विरासत का प्रतीक है और इसे राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल के रूप में विकसित करने के प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने नागरिकों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।

समारोह में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को शाल एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। तिरंगा विषय पर आयोजित राष्ट्रप्रेम प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके अलावा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रशस्ति-पत्र, उपकरण तथा डमी चेक वितरित किए गए।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका, पुलिस अधीक्षक रवि कुमार, मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विशाल कुमार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एस.एस. पांडेय ने किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित