पटना , अगस्त 15 -- भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बिहार विधान सभा विस्तारित भवन स्थित सभागार में देशभक्ति समूह गान प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) सैयद अता हसनैन, बिहार विधान सभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार और उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
विधानसभा अध्यक्ष ने अपने स्वागत संबोधन में देशवासियों स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह दिन अत्यंत गौरव और भावनाओं से भरा हुआ है।
डॉ. कुमार ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के इस गौरवपूर्ण अवसर पर पहली बार सभा सचिवालय की महिला पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच देशभक्ति गीत गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। बिहार विधान सभा सचिवालय की यह पहल महिला शक्ति की प्रतिभा और रचनात्मक क्षमता को मंच प्रदान करने का एक सार्थक प्रयास है। उन्होंने देशभक्ति गीत गायन प्रतियोगिता की सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रस्तुति दें और मंच पर आते समय यह भावना रखें कि आप केवल प्रतियोगिता में भाग नहीं ले रही हैं, बल्कि अपने गीत के माध्यम से भारत माता के प्रति अपनी श्रद्धा और राष्ट्र के प्रति अपनी भावनाओं को अभिव्यक्त कर रही हैं।
विधानसभा अध्यक्ष ने आह्वान किया कि इस स्वतंत्रता दिवस पर सभी मिल कर संकल्प लें कि अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से पालन करेंगे, संविधान और लोकतंत्र के मूल्यों को मजबूत करेंगे तथा एक सशक्त, समृद्ध, विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपना योगदान देंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित