पौड़ी , सितंबर 03 -- उत्तराखंड के पौड़ी में स्वतंत्रता दिवस समारोह में शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से रंग भरने वाले विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों का जिला प्रशासन ने सम्मान बढ़ाया। जिला मुख्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने संबंधित विद्यालयों के प्रतिनिधियों को सम्मानित करते हुए बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह में बच्चों की प्रतिभा, उत्साह और रचनात्मकता ने कार्यक्रम में नई ऊर्जा और उमंग का संचार किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे के भीतर प्रतिभा छिपी होती है, जिसे उचित मंच और प्रोत्साहन के जरिए निखारा जा सकता है। सांस्कृतिक गतिविधियां विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने बच्चों को मंच उपलब्ध कराने के साथ उनकी प्रतिभा को निखारने में शिक्षकों के योगदान की भी सराहना की।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पौड़ी नगर, राजमती देवी सरस्वती विद्या मंदिर तिमली, राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय नंबर-5 और नेहरू मॉन्टेसरी स्कूल समेत विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति, लोक संस्कृति और सामाजिक विषयों पर आधारित प्रस्तुतियां दी थीं। बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद लोगों की खूब वाहवाही लूटी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित