पंचकूला , अगस्त 14 -- स्वतंत्रता दिवस को लेकर पंचकूला पुलिस ने जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए 655 पुलिसकर्मियों को तैनात किया है और 31 स्थानों पर विशेष नाके लगाये हैं।
अंतरराज्यीय सीमाओं, शहरी क्षेत्रों, महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों और समारोह स्थलों के आसपास पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की गयी है।
पुलिस आयुक्त पंकज नैन के निर्देशों पर जिले में सुरक्षा बढ़ायी गयी है और 15 अगस्त के मद्देनजर सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। डीसीपी पंचकूला अदिति सिंह ने बताया कि सभी 31 नाकों पर वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच तेज कर दी गयी है तथा तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिये गये हैं।
जिले के सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार फ्लैग मार्च कर रहे हैं। बाजारों, सार्वजनिक स्थानों, संवेदनशील क्षेत्रों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों में जांच व निगरानी बढ़ा दी गयी है।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस ने 14 अगस्त को कालका स्थित स्वतंत्रता दिवस समारोह स्थल पर डॉग स्क्वायड के साथ विशेष तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान पूरे समारोह स्थल और आसपास के क्षेत्र की गहन जांच कर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गयी।
इसके बाद कालका रेलवे स्टेशन पर भी डॉग स्क्वायड की मदद से स्टेशन परिसर की व्यापक तलाशी ली गयी तथा यात्रियों एवं आम नागरिकों को सुरक्षा संबंधी सावधानियों के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी लावारिस या संदिग्ध वस्तु को न छुएं और कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित