जालौन , अगस्त 15 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जनपद में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन किया। ध्वजारोहण के उपरांत सामूहिक रूप से 'वंदे मातरम्' का गायन किया गया तथा राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी गई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों सरस्वती देवी (पत्नी स्व. रामपाल), गणेशी देवी (पत्नी स्व. शत्रुधन सिंह), कौशल्या देवी (पत्नी स्व. रमाशंकर व्यास) तथा रामदेवी विद्यार्थी (पत्नी स्व. चन्द्रमान विद्यार्थी) को माला पहनाकर एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए श्री पाण्डेय ने अमर शहीदों के परिजनों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को स्मरण करने का भी दिन है। वर्ष 2047 तक आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक को निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित