जम्मू , अगस्त 15 -- जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर कुमार चौधरी ने शनिवार को 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर यहां मौलाना आजाद स्टेडियम में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड का निरीक्षण कर सलामी ली।

समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को श्रद्धांजलि दी तथा देश की प्रगति में किसानों, सैनिकों, वैज्ञानिकों, इंजीनियरों, उद्यमियों और श्रमिकों के योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि सरकार जम्मू-कश्मीर में संतुलित और समावेशी विकास के लिए सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि और उद्योग जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दे रही है। स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के अवसर बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है।

उपमुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे और आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि सरकार नशामुक्त जम्मू-कश्मीर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, खेल, नवाचार, उद्यमिता और राष्ट्र निर्माण में अपनी ऊर्जा लगाने का आह्वान किया। उन्होंने किसानों को जम्मू-कश्मीर की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए कृषि, बागवानी और संबद्ध क्षेत्रों को मजबूत करने की बात कही।

श्री चौधरी ने पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर दिया और बादल फटने, बाढ़ तथा भूस्खलन जैसी घटनाओं का उल्लेख करते हुए लोगों से वनीकरण और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार हाल की प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता जारी रखेगी। उन्होंने जम्मू-कश्मीर की कला, संस्कृति और हस्तशिल्प को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बढ़ावा देने तथा स्थानीय कारीगरों को अधिक अवसर उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता भी जतायी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित