चंडीगढ़ , अगस्त 12 -- चंडीगढ़ मे स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सेक्टर-17 स्थित परेड ग्राउंड में होने वाले समारोह को लेकर चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। 15 अगस्त को सुबह 6:30 बजे से समारोह समाप्त होने तक परेड ग्राउंड के आसपास की कई सड़कें आम यातायात के लिए बंद रहेंगी और ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा।

उद्योग पथ पर सेक्टर-16/17/22/23 चौक से सेक्टर-22 स्थित गुरदयाल सिंह पेट्रोल पंप तक, ओल्ड डिस्ट्रिक्ट कोर्ट सेक्टर-17 से परेड ग्राउंड के पीछे शिवालिक होटल तक तथा नगर निगम कार्यालय के पास ल्यों रेस्तरां लाइट प्वाइंट से परेड ग्राउंड तक सड़क बंद रहेगी। इसके अलावा सेक्टर-22/23 लाइट प्वाइंट से सेक्टर-16/17-22/23 गोलचक्कर और सेक्टर-16/23 छोटे चौक से सेक्टर-16/17-22/23 चौराहे तक भी यातायात बंद रहेगा।

समारोह में आने वाले लोगों के लिए अलग-अलग पार्किंग की व्यवस्था की गई है। सेक्टर-22ए मार्केट में वीआईपी पार्किंग होगी। आम लोगों के वाहन सेक्टर-22बी पार्किंग, सर्कस ग्राउंड सेक्टर-17, नीलम थिएटर के समीप पार्किंग और मल्टी-स्टोरी पार्किंग सेक्टर-17 में खड़े किए जा सकेंगे।

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए 17/18 लाइट प्वाइंट, अरोमा लाइट प्वाइंट, सेक्टर-18/19/20/21 चौक और क्रिकेट स्टेडियम चौक से आने वाले यातायात को सुबह 10:40 से 11:25 बजे तक डायवर्ट किया जाएगा।

समारोह स्थल पर प्रवेश सुबह 8:30 बजे तक मिलेगा। विशेष अतिथियों के लिए गेट नंबर 4, 6 और 7, आम जनता के लिए गेट नंबर 8, 9 और 10 तथा मीडियाकर्मियों के लिए गेट नंबर 5 से प्रवेश की व्यवस्था रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित