बिहार राजेश झंडोतोलनपटना , अगस्त 15 -- देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर शनिवार को कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी।
श्री राम के नेतृत्व में झंडोत्तोलन के पश्चात उपस्थित कांग्रेसजनों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता, लोकतंत्र एवं संविधान के मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया तथा स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों और देश के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले महान सपूतों को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया।
इसके पूर्व प्रदेश कांग्रेस सेवादल के सदस्यों ने राष्ट्रगान तथा ध्वज गीत का गायन किया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने इस अवसर पर कहा कि स्वतंत्रता दिवस देशवासियों को केवल आजादी के संघर्ष और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग की याद नहीं दिलाता, बल्कि देश की लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक विरासत को सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी का भी एहसास कराता है। उन्होंने कहा कि आजादी के मूल्यों की रक्षा करना सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
श्री राम ने कहा कि वर्तमान में देश में जिस तरह का माहौल बनाया जा रहा है, उसमें लोकतांत्रिक संस्थाओं और संवैधानिक मूल्यों को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे समय में कांग्रेस लोकतंत्र, संविधान और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी मजबूती के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि संगठन सृजन अभियान के माध्यम से कांग्रेस को प्रखंड स्तर तक मजबूत और सक्रिय बनाया जाएगा। मजबूत संगठन के बल पर कांग्रेस जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाते हुए नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगी और जनता की आवाज को और प्रभावी ढंग से बुलंद करेगी।
श्री राम ने इस अवसर पर सभी कांग्रेसजनों का आह्वान किया कि वे एकजुट होकर देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण रखने के लिए काम करें। उन्होंने देश में फैले अराजकता को खत्म करने और देश में मोहब्बत का पैगाम देने के लिए देशहित में एक साथ काम करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित