नयी दिल्ली , अगस्त 13 -- देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिल्ली विधानसभा का ऐतिहासिक भवन और परिसर 14 एवं 15 अगस्त को आम नागरिकों के लिए खोला जाएगा।
दिल्ली विधानसभा सचिवालय की ओर से गुरुवार को इसकी जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि 14 एवं 15 अगस्त को लोग शाम पांच बजे से रात आठ बजे तक विधानसभा परिसर में प्रवेश कर इसके गौरवशाली इतिहास, विरासत और लोकतांत्रिक परंपराओं से रूबरू हो सकेंगे। इसके लिए किसी पूर्व पंजीकरण की आवश्यकता नहीं होगी।
दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने आज कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल स्वतंत्रता सेनानियों और देशभक्तों के बलिदान को याद करने का अवसर नहीं है, बल्कि नागरिकों को उन लोकतांत्रिक संस्थाओं से जोड़ने का भी अवसर है, जो देश के गणराज्य को मजबूत आधार प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा के द्वार जनता के लिए खोलना इस भावना का प्रतीक है कि लोकतांत्रिक संस्थाएं अंततः उसी जनता की हैं, जिसकी सेवा के लिए उनका गठन हुआ है।
इस पहल के तहत आम नागरिकों को विधानसभा भवन और परिसर में स्थित महत्वपूर्ण विरासत स्थलों को देखने तथा दिल्ली के विधायी एवं लोकतांत्रिक इतिहास में विधानसभा की भूमिका को समझने का अवसर मिलेगा। इसका विशेष उद्देश्य युवाओं को भारत की लोकतांत्रिक परंपराओं, संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक संस्थाओं से जोड़ना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित