जालंधर , अगस्त 14 -- स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर पंजाब में जालंधर ग्रामीण पुलिस ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह विरक के निर्देशों पर पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न संवेदनशील स्थानों का जमीनी स्तर पर निरीक्षण कर सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की तथा फ्लैग मार्च और विशेष जांच अभियान चलाये।
श्री विरक ने शुक्रवार को बताया कि स्वतंत्रता दिवस और मौजूदा सुरक्षा परिस्थितियों को देखते हुए जिले में व्यापक सुरक्षा योजना के तहत करीब 700 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। सभी थाना प्रभारी, राजपत्रित अधिकारी और पुलिस टीमें संवेदनशील स्थानों पर फ्लैग मार्च और जांच में सक्रिय रूप से शामिल हैं।
पुलिस उपाधीक्षक करतारपुर नरिंदर सिंह औजला, डीएसपी नकोदर ओंकार सिंह बराड़, डीएसपी फिल्लौर भारत मसीह लाधड़, डीएसपी शाहकोट सरवन सिंह बल्ल और डीएसपी आदमपुर राजीव कुमार की निगरानी में विभिन्न क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाले गये। पुलिस टीमों ने बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और अन्य महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थानों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। जिलेभर में विशेष नाकाबंदी और जांच अभियान भी चलाया जा रहा है। विभिन्न नाकों पर वाहनों की गहन जांच, संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ और संवेदनशील स्थानों पर कड़ी निगरानी की जा रही है। स्वतंत्रता दिवस समारोह और ध्वजारोहण कार्यक्रमों वाले सभी स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वरिष्ठ अधिकारी लगातार सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। इसके अलावा महापुरुषों की प्रतिमाओं, शहीद स्मारकों और अन्य महत्वपूर्ण स्थलों की सुरक्षा भी बढ़ायी गयी है। धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए गुरुद्वारों, मंदिरों, मस्जिदों और चर्चों में भी पुलिस द्वारा जांच एवं सुरक्षा समीक्षा की जा रही है। संबंधित प्रबंधन समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, बाजारों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। आपात स्थिति में तत्काल सहायता के लिए जिले में इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल (ईआरवी) चौबीसों घंटे तैनात किये गये हैं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। आपात स्थिति में 112 हेल्पलाइन पर संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह शांतिपूर्ण, सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराना पुलिस की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाये जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित