भोपाल , अगस्त 13 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आगामी स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रेलवे परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ एवं चाक-चौबंद बनाए रखने के उद्देश्य से रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) एवं राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने संयुक्त रूप से विशेष सघन जांच अभियान चलाया।
अभियान के दौरान निरीक्षक केएस रावत, सहायक उप निरीक्षक डीएस दुबे एवं रेलवे सुरक्षा बल के जवानों तथा रानी कमलापति जीआरपी थाना प्रभारी अमित शर्मा एवं पुलिस बल ने स्टेशन परिसर के विभिन्न महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों की गहन जांच की। स्टेशन परिसर, आरक्षण कार्यालय, यात्री आरक्षण प्रणाली केंद्र, सर्कुलेटिंग एरिया एवं पार्सल कार्यालय सहित अन्य स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई।
सुरक्षा अभियान के दौरान स्टेशन पर कार्यरत कुलियों एवं ऑटो चालकों को एकत्रित कर विशेष रूप से समझाइश दी गई। उन्हें निर्देशित किया गया कि स्टेशन परिसर अथवा आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति, लावारिस वस्तु अथवा असामान्य गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल आरपीएफ अथवा जीआरपी को सूचित करें। स्टेशन परिसर एवं पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों की भी सघन जांच की गई। जांच के दौरान कोई लावारिस अथवा संदिग्ध वाहन नहीं मिला।
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्टेशन पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। यात्रियों के सामान एवं लगेज की सामान जांच मशीन तथा हाथ से संचालित धातु पहचान यंत्र के माध्यम से जांच की जा रही है। स्टेशन परिसर में आने-जाने वाले यात्रियों एवं अन्य व्यक्तियों की गतिविधियों पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है।
आरपीएफ एवं जीआरपी ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपने सामान एवं कीमती वस्तुओं की स्वयं निगरानी रखें। किसी भी लावारिस वस्तु को न छुएं और न ही उसके पास जाएं। ऐसी कोई वस्तु, संदिग्ध व्यक्ति अथवा संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल आरपीएफ अथवा जीआरपी को सूचना दें।
सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रेलवे प्रशासन द्वारा रेलवे स्टेशनों एवं ट्रेनों में विशेष सतर्कता, निगरानी एवं जांच अभियान लगातार जारी रखा जा रहा है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम रेल यात्रा उपलब्ध कराई जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित