बैतूल , अगस्त 13 -- स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए गुरुवार को पुलिस परेड ग्राउंड में फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल आयोजित की गई। सुबह नौ बजे हुई रिहर्सल में पुलिस, प्रशासन, एनसीसी, स्काउट और स्कूली विद्यार्थियों ने उत्साह एवं अनुशासन के साथ भाग लिया।
पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन ने रिहर्सल का निरीक्षण कर परेड की तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस जवानों के बेहतर टर्न आउट, अनुशासन और परेड प्रदर्शन की सराहना की। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे, एसडीएम बैतूल, एसडीओपी अन्नपूर्णा सिरसाम, डीएसपी महिला सेल दिनेश आर्मो, डीएसपी दिनेश मर्सकोले सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।
फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान सशस्त्र पुलिस जवानों ने हर्ष फायर किया और पुलिस अधीक्षक ने परेड की सलामी ली। पुलिस बैंड की मधुर धुन के साथ राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। राष्ट्रगान के दौरान सभी अधिकारी, कर्मचारी और उपस्थित नागरिक सावधान मुद्रा में खड़े रहे।
रिहर्सल में मुख्यमंत्री के अभिभाषण के वाचन में लगने वाले समय का भी अभ्यास कराया गया। स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों पर नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। एनसीसी, स्काउट एवं विद्यार्थियों के अनुशासित प्रदर्शन की भी अधिकारियों ने सराहना की।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने अधिकारियों और जवानों को 15 अगस्त के मुख्य समारोह में समयबद्धता, अनुशासन, गरिमा और पूर्ण निष्ठा के साथ दायित्व निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिलेवासियों से घरों, प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों पर तिरंगा फहराने, राष्ट्रध्वज का सम्मान करने और स्वतंत्रता दिवस समारोह में उत्साहपूर्वक सहभागिता की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित