टिहरी , अगस्त 11 -- स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य एवं गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित करने को लेकर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में विकास भवन में मंगलवार को बैठक आयोजित की गई। उन्होंने सभी विभागों को स्वतंत्रता दिवस से संबंधित तैयारियां निर्धारित समय सीमा में पूरी करने तथा समारोह के दौरान स्वच्छता, सुरक्षा, यातायात, प्रकाश और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाएं बेहतर रखने के निर्देश दिए।
सीडीओ अग्रवाल ने बुधवार को जिले के प्रमुख स्थानों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने उपजिलाधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों और अधिशासी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान के लिए स्थल चिह्नित करने तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही अभियान से पहले और बाद की फोटो उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि गुरुवार को डाइजर से हनुमान चौक, मुख्य बाजार, साईं चौक होते हुए बौराड़ी तक तिरंगा रैली निकाली जाएगी। रैली के दौरान यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था के साथ एंबुलेंस और मेडिकल टीम की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक समन्वय के निर्देश दिए गए।
इसके बाद 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस जनसहभागिता के साथ मनाया जाएगा। इस दौरान विभाजन विभीषिका प्रदर्शनी, दो मिनट का मौन, वृत्तचित्र प्रदर्शन, श्रद्धांजलि और कैंडल मार्च आयोजित किए जाएंगे। विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में भाषण, निबंध, वाद-विवाद और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं भी होंगी तथा उत्कृष्ट प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से ब्लड डोनेशन कैंप भी आयोजित किया जाएगा।
सीडीओ ने नगर पालिका को शहर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने तथा शहीद स्मारक की साफ-सफाई और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहर में स्वच्छता एवं प्रकाश व्यवस्था बेहतर नजर आनी चाहिए। 14 और 15 अगस्त को सरकारी एवं गैर-सरकारी भवनों को एलईडी लाइटों से प्रकाशमान करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने बताया कि 15 अगस्त को सभी राजकीय कार्यालयों में सुबह नौ बजे ध्वजारोहण किया जाएगा, जबकि मुख्य कार्यक्रम प्रताप इंटर कॉलेज में सुबह 9:30 बजे आयोजित होगा। स्वतंत्रता दिवस पर चयनित स्थलों एवं अमृत सरोवरों में पौधरोपण के साथ 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्य कार्यक्रम स्थल और तहसीलों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा शहीद सैनिकों के परिजनों को सम्मानित करने के लिए संबंधित उपजिलाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित