नयी दिल्ली , अगस्त 14 -- दिल्ली पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अन्य सभी सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर राष्ट्रीय राजधानी में अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था लागू की है।

वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार संभावित खतरों और उभरती चुनौतियों का गहन विश्लेषण करने के बाद सुरक्षा तंत्र तैयार किया गया है। पूरी सुरक्षा योजना को पुलिस की विभिन्न इकाइयों और केंद्रीय एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय के साथ डिजाइन किया गया है। इसके अलावा, हाल ही में आयोजित 'फुल ड्रेस रिहर्सल' के दौरान मिले अनुभवों और टिप्पणियों के आधार पर मुख्य समारोह की सुरक्षा को और मजबूत किया गया है।

मुख्य समारोह स्थल लाल किले और उसके आसपास बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है। पांच हजार से अधिक पुलिसकर्मी लाल किले और निकटवर्ती क्षेत्रों में तैनात रहेंगे, जबकि विशेष बल की टीमें छतों और प्राचीर की निगरानी करेंगी। तकनीक का व्यापक उपयोग करते हुए दिल्ली पुलिस को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) संचालित आधुनिक उपकरणों से लैस किया गया है। इस बार बड़ी संख्या में एआई-सक्षम सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। ये कैमारे 'फेशियल रिकॉग्निशन टेक्नोलॉजी' से लैस हैं। ये कैमरे भीड़ में संदिग्धों, भगोड़ों और आतंकवादियों की सूची में शामिल व्यक्तियों की पहचान कर तुरंत अलर्ट जारी करने में सक्षम हैं।

अनधिकृत ड्रोन, माइक्रो-लाइट एयरक्राफ्ट और अन्य हवाई प्लेटफार्मों के उड़ान पर पूरी तरह प्रतिबंध लागू रहेगा। दिल्ली के सभी सीमावर्ती प्रवेश बिंदुओं पर वाहनों की कड़ी चेकिंग की जा रही है। शुक्रवार रात 10 बजे से शनिवार सुबह 11 बजे तक दिल्ली की सीमाओं से भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। निजामुद्दीन से आईएसबीटी कश्मीरी गेट तक बसों सहित भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। यातायात व्यवस्था संभालने के लिए 2,400 से अधिक ट्रैफिक पुलिसकर्मी, डीसीपी, एसीपी और 50 से अधिक इंस्पेक्टर जमीनी स्तर पर तैनात रहेंगे।

पुलिस टीमों ने संदिग्ध तत्वों की घुसपैठ रोकने के लिए शहर के गेस्ट हाउस, होटलों, भीड़भाड़ वाले बाजारों, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और मेट्रो स्टेशनों पर सत्यापन एवं चेकिंग अभियान चलाया है। सुरक्षा में सहयोग के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की अतिरिक्त कंपनियां भी तैनात की गयी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित