नयी दिल्ली , मई 26 -- भारत और ऑस्ट्रेलिया ने स्वतंत्र, खुले, सुरक्षित तथा समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति अपनी साझा प्रतिबद्धता दोहराई है।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने क्वॉड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने आई ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग के साथ यहां मंगलवार शाम 17वें भारत-ऑस्ट्रेलिया विदेश मंत्रियों के फ्रेमवर्क संवाद की सह-अध्यक्षता की। इससे पहले दोनों मंत्रियों ने दिन में क्वॉड की बैठक में हिस्सा लिया था ।
संवाद के दौरान मंत्रियों ने भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी के विभिन्न स्तंभों के अंतर्गत व्यापार और निवेश, रक्षा और सुरक्षा, शिक्षा और कौशल, अनुसंधान और नवाचार, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष, ऊर्जा तथा लोगों के बीच संबंधों सहित द्विपक्षीय सहयोग के पूरे दायरे और हुई प्रगति की समीक्षा की। दोनों पक्षों ने पश्चिम एशिया क्षेत्र की वर्तमान स्थिति तथा पारस्परिक हितों से जुड़े अन्य क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।
मंत्रियों ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में हुए विकासक्रमों पर चर्चा की और स्वतंत्र, खुला, सुरक्षित तथा समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति अपनी साझा प्रतिबद्धता की पुष्टि की।
इस यात्रा ने द्विपक्षीय संबंधों में सकारात्मक गति बनाए रखने तथा अगले चरण की सहभागिता के लिए कार्यसूची और दिशा तय करने का अवसर प्रदान किया। दोनों पक्षों ने पारस्परिक रूप से सुविधाजनक तिथि पर अगला फ्रेमवर्क संवाद ऑस्ट्रेलिया में आयोजित करने पर सहमति व्यक्त की।
इससे पहले विदेश मंत्री वोंग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी भेंट की और द्विपक्षीय तथा वैश्विक महत्व के मुद्दों पर चर्चा की।
ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री के रूप में यह उनकी भारत की चौथी यात्रा थी। इससे पहले वह फरवरी-मार्च 2023, नवंबर 2023 और नवंबर 2025 में भारत आ चुकी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित