पटना , मई 16 -- स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत नागरिक फीडबैक देने के मामले में बिहार की राजधानी पटना ने देशभर में दूसरा स्थान हासिल किया है।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत आम जन से उनके शहर की साफ-सफाई की व्यवस्था पर फीडबैक लिया जा रहा है। फीडबैक देने के मामले में पटनावासी देशभर में दूसरे स्थान पर हैं। इसका सीधा असर सर्वेक्षण में पटना की रैंकिंग पर भी होगा। अब तक लगभग साढ़े चार लाख पटनावासियों ने ऑनलाइन माध्यम से अपना बहुमूल्य फीडबैक दर्ज कराया है।फीडबैक देने के मामले में इंदौर 6,81,187 फीडबैक के साथ पहले स्थान पर है। वहीं पटना 4,49,689 फीडबैक के साथ दूसरे स्थान पर बना हुआ है। इसके बाद लखनऊ 4,39,075 फीडबैक के साथ तीसरे, प्रयागराज 3,62,752 फीडबैक के साथ चौथे और आगरा 3,59,671 फीडबैक के साथ पांचवें स्थान पर है।
सिटीजन फीडबैक अभियान को सफल बनाने और आम नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से पटना नगर निगम ने वरीय पदाधिकारियों, कर्मचारियों और कंसल्टेंट्स की दो सदस्यीय कुल 13 टीमें गठित की हैं।
अभियान के दौरान सबसे अधिक उत्साह छात्रों में देखने को मिला। शहर के प्रमुख कोचिंग हब बोरिंग रोड, मुसल्लाहपुर हाट, बाजार समिति और अशोक राजपथ स्थित कोचिंग संस्थानों एवं हॉस्टलों में बड़ी संख्या में छात्रों ने ऑन-द-स्पॉट फीडबैक दिया। इसके अलावा टीम द्वारा भीड़ भाड़ वाले इलाकों जैसे रेलवे स्टेशन, पार्क, चिड़ियाघर, मॉल, स्लम बस्तियों एवं प्रमुख चौक-चौराहों पर जा-जाकर लोगों को फीडबैक करने संबंधी आवश्यक डेमो भी दिया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित