लखनऊ , मार्च 9 -- स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत उत्तर प्रदेश ने स्वच्छता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए 100 प्रतिशत ओडीएफ प्लस राज्य बनने का कीर्तिमान हासिल किया है। वहीं पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि प्रदेश की ग्राम पंचायतें स्वच्छता के क्षेत्र में देश के लिए मिसाल बन रही हैं और सरकार भविष्य में भी इस दिशा में निरंतर काम करती रहेगी।
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के प्रथम चरण में प्रदेश को पहले ही 100 प्रतिशत ओडीएफ राज्य घोषित किया जा चुका है। इस चरण में उत्तर प्रदेश में 2.74 करोड़ से अधिक व्यक्तिगत शौचालयों का निर्माण किया गया, जिससे राज्य देश में सर्वाधिक शौचालय निर्माण करने वाला प्रदेश बनकर उभरा।
मिशन के दूसरे चरण में ओडीएफ की स्थिति को स्थायी बनाए रखने के साथ-साथ ठोस और तरल अपशिष्ट प्रबंधन पर विशेष जोर दिया जा रहा है। वर्तमान में प्रदेश के 95,767 गांवों ने ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्था के साथ स्वयं को ओडीएफ प्लस घोषित किया है, जबकि 94,723 से अधिक गांवों को ओडीएफ प्लस का दर्जा मिल चुका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित