चंडीगढ़ , अक्टूबर 13 -- हरियाणा सरकार ने राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में स्वच्छता और बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने के लिए 'स्वच्छ प्रांगण' योजना के तहत बजट जारी किया है।
शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने बताया कि प्रदेश के सभी राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में साफ-सफाई, हाउसकीपिंग, छतों की सफाई, शौचालयों की स्वच्छता, खेल के मैदानों के रखरखाव और जल निकासी की उचित व्यवस्था के लिए आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि जिन प्राथमिक विद्यालयों में अंशकालिक कार्यकर्ता कार्यरत नहीं हैं, वहां स्वच्छता और रखरखाव की व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए प्रति विद्यालय 8,000 रुपये प्रतिमाह की दर से बजट जारी किया गया है। यह राशि 'स्वच्छ प्रांगण' योजना के तहत जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को आहरण एवं संवितरण अधिकारी के रूप में उपलब्ध करवाई गई है।
श्री ढांडा ने जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों, खंड शिक्षा अधिकारियों, खंड मौलिक शिक्षा अधिकारियों, प्रधानाचार्यों, मुख्य अध्यापकों, मुख्य शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन समितियों के प्रधानों से बजट का समयबद्ध और पूर्ण सदुपयोग सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संबंधित विद्यालयों को तुरंत राशि आवंटित कर जमीनी स्तर पर सफाई और रखरखाव के कार्य करवाए जाएं।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को स्वच्छ, स्वस्थ और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है। विद्यालयों में बेहतर साफ-सफाई से बच्चों के स्वास्थ्य की रक्षा होगी और उन्हें पढ़ाई के लिए अनुकूल माहौल मिलेगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल प्रदेश के प्राथमिक शिक्षा ढांचे को मजबूत बनाने और सरकारी विद्यालयों को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित