जगदलपुर , फरवरी 14 -- स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के दूसरे चरण के तहत बस्तर जिले की ग्राम पंचायतों को ओडीएफ प्लस मॉडल के रूप में विकसित करने के लिए अभियान तेज कर दिया गया है।

इसी क्रम में 11 और 12 फरवरी को राज्य सलाहकार पुरुषोत्तम पांडा, यूनिसेफ प्रतिनिधि सुधांशु पाण्डेय, जिला समन्वयक बस्तर और संबंधित विकासखंड समन्वयकों की संयुक्त टीम ने जिले के विभिन्न गांवों का दौरा किया। इस भ्रमण का उद्देश्य स्वच्छता गतिविधियों की समीक्षा करना और पंचायतों को आगामी चुनौतियों के लिए तैयार करना था।

जिला पीआरओ से शनिवार को मिली जानकारी के अनुसार 11 फरवरी को टीम जगदलपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत नगरनार पहुंची, जहां सरपंच, पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ बैठक की गई। चर्चा में नगरनार को मॉडल ग्राम पंचायत के रूप में विकसित करने की रणनीति तय की गई। राज्य सलाहकार ने ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन मजबूत करने के निर्देश दिए और कचरा संग्रहण को एमआरएफ से जोड़ने पर जोर दिया। पंचायत स्तर पर ई-रिक्शा से कचरा संग्रहण शुरू करने और इसमें महिला समूहों को शामिल करने पर सहमति बनी। साथ ही, एनएमडीसी के सीएसआर फंड से स्वच्छता कार्यों को गति देने की संभावनाएं तलाशी गईं।

12 फरवरी को टीम ने दरभा, तोकापाल और बस्तर विकासखंडों का दौरा किया। दरभा के कामानार में सेग्रीगेशन शेड का निरीक्षण किया गया, जहां स्वच्छताग्राही दीदियों के कार्यों की सराहना की गई। उन्हें 15वें वित्त आयोग से समय पर भुगतान और सेफ्टी किट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। यहां आयोजित वजन तिहार कार्यक्रम में कुपोषण और स्वच्छता के अंतर्संबंधों पर चर्चा हुई। तोकापाल के सिंगनपुर में सामुदायिक स्वच्छता परिसरों को सार्वजनिक आयोजनों के लिए उपयोग शुल्क निर्धारित कर संचालित करने का सुझाव दिया गया, जिससे पंचायत की आय बढ़ सके।

निरीक्षण के दौरान धरमाउर स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और सोनारपाल के फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट की कार्यप्रणाली भी परखी गई। टीम ने इन्हें क्लीन एंड ग्रीन मानकों पर चलाने और नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। स्कूलों और आंगनबाड़ियों में गंदे जल प्रबंधन के लिए सोख्ता गड्ढे और नाडेप निर्माण पर विशेष जोर दिया गया। अंत में जिला पंचायत में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर फील्ड विजिट के निष्कर्षों पर चर्चा की गई और स्वच्छता रैंकिंग सुधारने के लिए कार्ययोजना तैयार की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित