पटना , जून 18 -- बिहार में पटना जिले की पुलिस ने मनेर थाना क्षेत्र से एक अभियुक्त को स्मैक और देशी चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार किया है।पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि बुधवार की शाम मनेर थाना को सूचना मिली थी कि शेरपुर गांव में सुजीत कुमार उर्फ भोला चोरी-छिपे स्मैक की खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) पटना के निर्देशन में थानाध्यक्ष मनेर के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।

सूत्रों ने बताया कि गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शेरपुर में छापेमारी की। इस दौरान सुजीत कुमार उर्फ भोला को 50 पुड़िया स्मैक (करीब 34 ग्राम) तथा दो लीटर देशी चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित