निशिन (जापान) , सितंबर 20 -- भारतीय सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने एशियाई खेल 2026 की क्रिकेट प्रतियोगिता में बंगलादेश के खिलाफ सेमीफाइनल मैच के दौरान महिला अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट में सबसे अधिक रन बनाने वाली खिलाड़ी बन गईं। स्मृति मंधाना ने न्यूजीलैंड की पूर्व बल्लेबाज सूजी बेट्स के 4758 टी-20 रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। उन्होंने भारतीय पारी के तीसरे ओवर में यह उपलब्धि हासिल किया। कीवी खिलाड़ी ने इस साल की शुरुआत में टी-20 विश्व कप के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था।
30 साल की बाएं हाथ की बल्लेबाज़ को बेट्स के रिकॉर्ड की बराबरी करने के लिए सात रनों की ज़रूरत थी और उन्होंने बंगलादेश की तेज गेंदबाज मारूफा अख्तर की गेंदों पर लगातार बाउंड्री लगाकर यह उपलब्धि हासिल की। ओवर की शुरुआत छह रन से करने के बाद, मंधाना रिकॉर्ड के करीब पहुंचीं और फिर एक शॉर्ट गेंद पर 'बिहाइंड स्क्वायर' शॉट खेलकर चार रन बनाए, जिससे वह महिला टी-20 इतिहास में सबसे अधिक रन बनाने वाली खिलाड़ी बन गईं।
भारतीय ओपनर ने अगली गेंद पर एक और बाउंड्री लगाकर इस उपलब्धि का जश्न मनाया और 19 गेंदों में तेज 37 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और दो छक्के शामिल थे।
स्मृति मंधाना के नाम अब क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में 178 मैचों में 4788 रन हैं। बेट्स ने 186 मैचों में 4758 रन बनाए थे। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर और श्रीलंका की दिग्गज खिलाड़ी चामरी अटापट्टू ही दो अन्य खिलाड़ी हैं जिनके नाम इस फ़ॉर्मेट में 4000 से ज़्यादा रन हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित