रायपुर , अक्टूबर 25 -- छत्तीसगढ़ भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी ने रविवार को रायपुर में निगम-मंडल, बोर्ड और आयोगों के अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने पूर्व सांसदों और विधायकों के साथ भी बैठक की।

बैठकों में पार्टी संगठन को मजबूत करने, सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने और सरकार तथा संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर चर्चा हुई।

बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने के लिए जिला अध्यक्षों के साथ संवाद करने और निगम-मंडलों के अध्यक्षों को विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर संगठन के कामकाज की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। मंत्रियों से भी अपने-अपने विभागों में सक्रियता बढ़ाने और सरकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने पर ध्यान देने को कहा गया।

सांसदों और निगम-मंडलों के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक को लेकर राजनीतिक हलकों में मंत्रियों के कामकाज से संबंधित शिकायतों की चर्चा रही। इन शिकायतों के बारे में विस्तृत जानकारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

बैठकों के बाद श्रीमती ईरानी भाजपा प्रदेश कार्यालय से रवाना हो गईं। उनके मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात करने की संभावना जताई गई, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

बैठक में शामिल होने पहुंचे मंत्री खुशवंत साहेब के काफिले को भाजपा प्रदेश कार्यालय परिसर में प्रवेश नहीं मिला। इसके बाद वह वाहन से उतरकर पैदल कार्यालय पहुंचे। श्रीमती ईरानी के निर्देश पर कार्यालय परिसर के भीतर से पुलिस सुरक्षा भी हटाई गई थी।

प्रदेश प्रभारी बनने के बाद श्रीमती ईरानी का यह पहला छत्तीसगढ़ दौरा है। उनके आगमन पर हवाई अड्डे पर स्वागत के लिए न तो ढोल-ताशे बजाए गए और न ही किसी मंत्री को बुलाया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित