रायपुर , अक्टूबर 23 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नवनियुक्त छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी 25 अक्टूबर की सुबह दो दिवसीय प्रवास पर रायपुर अपने सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू के साथ आएंगी। दोनों नेताओं के स्वागत के लिए प्रदेश भाजपा संगठन ने व्यापक तैयारियां की हैं। माना विमानतल पर पांच हजार से अधिक कार्यकर्ताओं को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि एक हजार भाजपा कार्यकर्ता मोटरसाइकिल रैली निकालकर प्रदेश प्रभारी का स्वागत करेंगे।

भाजपा नेताओं से शुेक्रवार को मिली जानकारी के अनुसार, बाइक रैली माना विमानतल से कुशाभाऊ ठाकरे परिसर तक प्रदेश प्रभारी के वाहन के सामने चलेगी। इस दौरान मार्ग में भी विभिन्न स्थानों पर स्वागत की तैयारी की गई है। स्वागत कार्यक्रम की जिम्मेदारी रायपुर शहर जिला और ग्रामीण भाजपा संगठन को सौंपी गई है।

करीब आठ माह बाद भाजपा को नया प्रदेश प्रभारी मिला है। इससे पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ही छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। स्मृति ईरानी ने रायपुर दौरे से पहले ही निर्देश दिया है कि उनके स्वागत में कहीं भी एक भी होर्डिंग्स नहीं लगाए जाएं। इसके बाद प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने भी तैयारी संबंधी बैठक में स्पष्ट किया कि शहर में स्वागत के लिए एक भी होर्डिंग्स नहीं लगेगी। हालांकि, माना विमानतल से कुशाभाऊ ठाकरे परिसर तक और शहर के अन्य हिस्सों में भाजपा के झंडे लगाए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित