अमेठी , अगस्त 27 -- उत्तर प्रदेश के अमेठी में समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को स्टॉल लगाकर जरूरतमंद लोगों को मुफ्त चीनी वितरित की। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष राम उदित यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं अमेठी की पूर्व सांसद स्मृति ईरानी पर तंज कसते हुए कहा कि वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में 13 रुपये किलो चीनी देने का वादा किया गया था, लेकिन सरकार बनने के बाद भी यह वादा पूरा नहीं हुआ।
गौरीगंज में जिलाध्यक्ष राम उदित यादव के नेतृत्व में आयोजित चीनी वितरण कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि चीनी के दाम बढ़ने से आम लोगों पर महंगाई का बोझ बढ़ा है। रक्षाबंधन का त्योहार महंगाई के कारण जिन जरूरतमंद परिवारों के लिए फीका पड़ रहा है, उनकी मदद के उद्देश्य से सपा कार्यकर्ताओं ने मुफ्त चीनी बांटने का निर्णय लिया है।
उन्होंने बताया कि फिलहाल करीब पांच कुंतल चीनी वितरण की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि आगे जितनी चीनी की जरूरत पड़ेगी, पार्टी कार्यकर्ता उसका इंतजाम कर जरूरतमंद लोगों को वितरित करेंगे।
सपा जिलाध्यक्ष ने स्मृति ईरानी पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2019 के चुनाव में उन्होंने लोगों से कहा था कि "कमल का बटन दबाओ, 13 रुपये किलो चीनी पाओ।" उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव जीतने और सरकार बनने के बाद यह वादा पूरा नहीं हुआ और चीनी के दाम लगातार बढ़ते गए।
श्री यादव ने कहा कि इसी को देखते हुए समाजवादी पार्टी ने रक्षाबंधन के अवसर पर जरूरतमंद परिवारों को चीनी वितरित करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य महंगाई से प्रभावित परिवारों को त्योहार के दौरान राहत पहुंचाना है।
गौरतलब है कि वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान अमेठी में एक चुनावी जनसभा में स्मृति ईरानी द्वारा 13 रुपये किलो चीनी उपलब्ध कराने की घोषणा किए जाने का मुद्दा विपक्ष समय-समय पर उठाता रहा है। इसी मुद्दे को लेकर अब अमेठी में सपा के मुफ्त चीनी वितरण कार्यक्रम के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित