बैतूल , जुलाई 27 -- मध्य प्रदेश के बैतूल शहर में विद्युत वितरण कंपनी द्वारा लगाए गए स्मार्ट मीटरों को लेकर उपभोक्ताओं ने शिकायतें दर्ज कराई हैं। उनका आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिल, यूनिट खपत, भुगतान की अंतिम तिथि और बिजली कटौती संबंधी एसएमएस मिलना बंद हो गए हैं, जिससे उन्हें समय पर जानकारी नहीं मिल रही है।
उपभोक्ताओं के अनुसार स्मार्ट मीटर लागू करते समय कंपनी ने दावा किया था कि नई प्रणाली के माध्यम से बिजली खपत, बिल की राशि, भुगतान की अंतिम तिथि और निर्धारित बिजली कटौती की जानकारी मोबाइल संदेशों के जरिए उपलब्ध कराई जाएगी। हालांकि कई उपभोक्ताओं का कहना है कि मीटर लगने के बाद उनके मोबाइल पर कोई भी सूचना प्राप्त नहीं हो रही है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि कई बार बिल की अंतिम तिथि निकल जाने के बाद भुगतान की जानकारी मिलती है, जिससे विलंब शुल्क लगने की आशंका बनी रहती है। उनका कहना है कि स्मार्ट मीटर की प्रमुख विशेषता रियल टाइम सूचना उपलब्ध कराना बताई गई थी, लेकिन व्यवहार में यह सुविधा नहीं मिल रही है।
इसी बीच स्मार्ट मीटर लगने के बाद अधिक बिजली बिल आने की शिकायतें भी लगातार सामने आ रही हैं। प्रतिदिन बड़ी संख्या में उपभोक्ता विद्युत वितरण कंपनी के कार्यालय पहुंचकर बिलों की जांच और सुधार की मांग कर रहे हैं। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि पहले की तुलना में बिल अधिक आ रहे हैं, जबकि बिजली की खपत में कोई उल्लेखनीय वृद्धि नहीं हुई है।
उपभोक्ताओं ने शिकायतों के समाधान में विलंब का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें बार-बार बिजली कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उनका कहना है कि यदि स्मार्ट मीटर से जुड़ी सुविधाएं प्रभावी ढंग से संचालित नहीं होती हैं तो इस पूरी व्यवस्था का उद्देश्य प्रभावित होगा।
उपभोक्ताओं ने विद्युत वितरण कंपनी से एसएमएस सेवा शीघ्र बहाल करने, बिल एवं खपत संबंधी जानकारी समय पर उपलब्ध कराने तथा अधिक बिल आने की शिकायतों का पारदर्शी तरीके से निराकरण करने की मांग की है।
इस संबंध में बिजली कंपनी के टाउन-2 के कनिष्ठ अभियंता कमलेश खोबरागड़े ने कहा कि स्मार्ट मीटर प्रणाली के तहत उपभोक्ताओं को बिजली बिल और बिजली कटौती सहित आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। यदि किसी उपभोक्ता को एसएमएस प्राप्त नहीं हो रहे हैं तो वह बिजली कार्यालय पहुंचकर अपनी समस्या का समाधान करा सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित