संतकबीरनगर , अप्रैल 7 -- उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले में स्मार्ट मीटरों के विरोध में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं उपभोक्ताओं ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व पार्टी के जिला महासचिव विनोद यादव ने किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी को संबोधित एक ज्ञापन सौंपकर स्मार्ट मीटर व्यवस्था को तत्काल बंद कर पारंपरिक मीटरों को पुनः लागू करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि स्मार्ट मीटर लागू होने के बाद उपभोक्ताओं को कई व्यावहारिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। सपा नेताओं ने मीटर की रीडिंग और बिलिंग प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह व्यवस्था गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है।

उन्होंने कहा कि मीटर की तेज रीडिंग के कारण बिजली बिलों में अनियमित वृद्धि हो रही है। साथ ही उपभोक्ताओं की सहमति के बिना पारंपरिक मीटर हटाना उनके अधिकारों का उल्लंघन है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो समाजवादी कार्यकर्ता व्यापक जनआंदोलन करने को बाध्य होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित