बैतूल , जुलाई 30 -- मध्यप्रदेश के बैतूल शहर के ताप्ती वार्ड में स्मार्ट बिजली मीटर लगाए जाने के बाद कथित रूप से बढ़े बिजली बिलों के विरोध में गुरुवार को महिलाओं ने बिजली वितरण कंपनी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर धरना दिया। अधिकारियों द्वारा शिकायतों की जांच कराने के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया।
वार्ड पार्षद निर्मला उबनारे के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाओं ने मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के कार्यालय पहुंचकर स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर दोबारा लगाने की मांग की। प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप था कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद कई उपभोक्ताओं के बिजली बिल पहले की तुलना में दोगुने से अधिक आने लगे हैं, जिससे मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उनका यह भी आरोप था कि कई घरों में उपभोक्ताओं की सहमति के बिना पुराने मीटर हटाकर स्मार्ट मीटर लगा दिए गए।
धरने की सूचना मिलने पर बिजली कंपनी के कार्यपालन यंत्री (ईई) सुमित सोनी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि विभाग के अनुसार स्मार्ट मीटर तकनीकी रूप से सही ढंग से कार्य कर रहे हैं तथा अधिक बिल आने की कोई सामान्य तकनीकी समस्या सामने नहीं आई है।
हालांकि उन्होंने आश्वासन दिया कि जिन उपभोक्ताओं को बिजली बिलों को लेकर शिकायत है, उनके प्रकरणों की अलग-अलग जांच कराई जाएगी। यदि जांच में किसी प्रकार की त्रुटि या विसंगति पाई जाती है तो नियमानुसार उसका निराकरण किया जाएगा।
महिलाओं ने कहा कि केवल जांच का आश्वासन पर्याप्त नहीं है और जिन घरों में स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, वहां पुराने मीटर पुनः लगाए जाएं। साथ ही भविष्य में किसी भी उपभोक्ता की अनुमति के बिना स्मार्ट मीटर स्थापित नहीं किए जाएं। करीब कुछ समय तक चले धरना-प्रदर्शन के बाद अधिकारियों के आश्वासन पर महिलाएं शांत हुईं और धरना समाप्त कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित